राहुल सिसोदिया की रिपोर्ट:-

जावद। क्षेत्र में धार्मिक उत्सवों की धूम के बीच आगामी 12 जुलाई, रविवार को एक बड़ा धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। 'जावद नरेश' खाटू श्याम बाबा के सम्मान में प्रथम भव्य पैदल निशान यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

 

लखदातार सेवा समिति जावद के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस निशान यात्रा की शुरुआत शाम 4 बजे होगी। यह भव्य यात्रा स्थानीय लक्ष्मी नाथ मंदिर, जावद से विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद शुरू होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्याम मंदिर, जावद पहुँचेगी। जहाँ बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार और आरती की जाएगी।

 

आयोजकों (लखदातार सेवा समिति) ने बताया कि "करने वाला श्याम, कराने वाला श्याम" के भाव के साथ इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्याम भक्त हाथों में बाबा का पावन निशान (ध्वज) लेकर पैदल चलेंगे। यात्रा के दौरान भजनों की धुन पर थिरकते श्रद्धालु और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान रहेगा। समिति ने सभी धर्मप्रेमी जनता से इस भव्य पैदल निशान यात्रा में सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।