नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" के तहत जिला नीमच में जागरूकता गतिविधियों का दौर लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन में युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से बचाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से जिले भर में विभिन्न खेल व जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
खेलो से जुड़ो, नशे को छोड़ो: दशहरा मैदान में फुटबॉल का रोमांच
अभियान के अंतर्गत "खेलो से जुड़ो, नशे को छोड़ो" संदेश के साथ दशहरा मैदान नीमच में आयोजित 'पुलिस कप फुटबॉल टूर्नामेंट' में सोमवार को चार रोमांचक मुकाबले खेले गए:
ए.यूनियन बनाम अहीर क्राउन फुटबॉल क्लब (विजेता: ए.यूनियन)
नीमच सिटी फुटबॉल क्लब बनाम यंग स्टार फुटबॉल क्लब (विजेता: नीमच सिटी)
फ्रेंड्स क्लब बनाम सिटी स्पोर्ट्स (विजेता: फ्रेंड्स क्लब)
अहीर यूनिवर्सल फुटबॉल क्लब बनाम सिटी यूनियन फुटबॉल क्लब (विजेता: अहीर यूनिवर्सल)
मैच के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक और खिलाड़ी उपस्थित रहे, जिन्हें खेलों के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
उप जेल जावद में कैदियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ
अभियान के तहत उप जेल जावद में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री हर्ष राठौर एवं थाना प्रभारी जावद की उपस्थिति में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ निरूद्ध कैदियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। इस दौरान सभी कैदियों को स्वयं नशे से दूर रहने और बाहर निकलकर समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगीं ग्राम चौपालें
जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस अधिकारियों द्वारा आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया गया:
थाना जीरन: अस्पताल चौराहा
थाना मनासा: रामपुरा रोड
थाना जावद: ग्राम मोरवन
थाना नीमच सिटी: रावतखेड़ा रोड
थाना रामपुरा: मैडम क्यूरी हाई स्कूल
थाना सिंगोली: ग्राम झांतला
इन सभी स्थानों पर ग्राम चौपालों और कार्यक्रमों के जरिए नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
नीमच पुलिस की अपील:
"नशे के विरुद्ध इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें। स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। जनसहयोग से ही एक सुरक्षित और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।"