नीमच/जाट। भोपाल पुलिस मुख्यालय द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस और जाट चौकी टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक के कब्जे से 2 किलोग्राम 225 ग्राम अवैध अफीम, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त माल की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹12,80,000 बताई जा रही है।

 

यह कार्रवाई रतलाम रेंज डीआईजी के निर्देशन तथा नीमच पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी जावद के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।

चेकिंग के दौरान पकड़ाया आरोपी

मिली जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को रतनगढ़-जाट मार्ग पर जाट पुलिस चौकी की टीम द्वारा वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली गई। आरोपी ने अपनी टी-शर्ट के नीचे एक प्लास्टिक की थैली छुपा रखी थी, जिसकी जांच करने पर उसमें अवैध अफीम पाई गई।

 

एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान

नाम: अंशुल धाकड़ (पिता: जगदीशचंद्र धाकड़) उम्र: 24 वर्ष

निवासी: ग्राम सुखपुरा, तहसील बिजौलिया, थाना बिजौलिया, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान)

 

जब्त की गई सामग्री (कुल कीमत: ₹12,80,000)

अवैध अफीम: 2 किलोग्राम 225 ग्राम (अनुमानित कीमत ₹12,25,000)

मोटरसाइकिल: ग्रे रंग की HONDA CB TWISTER (बिना नंबर, कीमत लगभग ₹30,000)

मोबाइल: 01 एंड्रॉयड स्मार्टफोन (कीमत लगभग ₹25,000)

 

सप्लायर और खरीदार भी बने सह-आरोपी

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अफीम की इस खेप को किसी अन्य व्यक्ति से लेकर किसी तीसरे को डिलीवर करने जा रहा था। मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए रतनगढ़ पुलिस ने अफीम देने वाले (सप्लायर) और खरीदने वाले (रिसीवर) दोनों व्यक्तियों को भी इस प्रकरण में सह-आरोपी बनाया है। फिलहाल पुलिस अवैध नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की तलाश कर रही है।

 

कार्रवाई में सराहनीय भूमिका

इस पूरी सफलता में रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर, जाट पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह राठौड़ और उनकी टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।