जावद। जावद थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना मेंढकी और बवाल के बीच शनिवार देर रात की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाहन की टक्कर से हुए थे घायल।
मृतक की पहचान मेंढकी निवासी कमलेश (34) पुत्र शंभूलाल भील के रूप में हुई है। कमलेश बीती रात अपनी बाइक से जा रहा था, तभी मेंढकी और बवाल के बीच एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कमलेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर गया।
इलाज के दौरान मौत
राहगीरों की सूचना पर एम्बुलेंस की मदद से कमलेश को तत्काल जावद शासकीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने रात करीब 9 बजे उसे नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया था।
पीएम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
नीमच जिला अस्पताल में इलाज के बावजूद कमलेश की जान नहीं बचाई जा सकी और आज अल सुबह उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने रविवार को शव का पंचनामा बनाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।