अहमदाबाद | शहर में महानगर पालिका संचालित अहमदाबाद म्युनिसिपल ट्रांसपोर्ट सर्विस (एएमटीएस) के एक बस में अचानक आग भड़कने से अफरातफरी मच गई| यह घटना शहर के ट्रैफिक से व्यस्त एस.जी. हाईवे पर सोला भागवत चौराहे के पास चल रही एएमटीएस बस में अचानक हुई। बस में आग लगते ही ड्राइवर ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को तुरंत पीछे के दरवाजे से सुरक्षित बाहर निकाल दिया। ड्राइवर की समय पर की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ी जनहानि टल गई। जानकारी के अनुसार अहमदाबाद में अदालज से सरखेज की ओर जा रही एएमटीएस की 501 नंबर की बस जैसे ही सोला भागवत चौराहे पर पहुंची, तभी बस के बोनट से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। यह देखते ही ड्राइवर ने बस रोक दी और यात्रियों को नीचे उतार दिया। इसके बाद कंडक्टर ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में बस के आगे के हिस्से में स्थित इंजन में आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस घटना में एएमटीएस बस को भारी नुकसान हुआ और बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग इतनी भयावह थी कि बस की ड्राइवर केबिन, आगे की छह सीटें, फ्लोर और सीलिंग पूरी तरह जल गईं। घटना की जानकारी मिलते ही एएमटीएस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच कर बस ऑपरेटर को नोटिस जारी किया है और जुर्माने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।