नीमच।प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में आज दिनांक 7 दिसंबर 2025 को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया गया l महाविद्यालय के NCC अधिकारी डॉ. अशोक कुमार लक्षकार ने बताया की "सशस्त्र सेना झंडा दिवस" हर साल 7 दिसंबर को मनाया जाता है l इस दिवस का मुख्य उद्देश्य देश के सैनिकों, वायुसैनिकों, नौसैनिकों और सशस्त्र बलों का सम्मान करना है, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए हैं या वर्तमान में सेवा दे रहे हैं । साथ ही इस दिन का मकसद उनके परिवारों के कल्याण के लिए नागरिकों से धन एकत्रित करना भी है। यह दिवस उन वीरों की बहादुरी, समर्पण और देशभक्ति को सम्मानित करता है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने जीवन की आहुति दी या दे रहे हैं। हमारे द्वारा किया गया छोटा सा प्रयास न केवल उनके मनोबल को बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर आर्थिक रूप से उन्हें सशक्त बनाकर सहायता प्रदान करने में भी प्रभावी साबित होगा। NCC कैडेट्स आगामी दिनों में छोटे झंडे को वितरित करके आर्थिक मदद एकत्रित करने का प्रयास करेंगे, जिससे सशस्त्र सेना के परिवारों और जवानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके। यह आयोजन राष्ट्रसेवा के प्रति युवाओं को जागरूक करने और समाज में एकता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। ऐसा कार्यक्रम निस्संदेह सैनिकों के सम्मान और उनकी सेवा के प्रति वर्तमान पीढ़ी के कृतज्ञता भाव को दर्शाता है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. आशुतोश शर्मा और प्रो. भुनेश अंम्बवानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।