नीमच में यातायात पुलिस का विशेष अभियान: 50 चालान, ₹24,000 की वसूली; नो पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के पहिए हुए लॉक पढ़े पूरी खबर।

Spread the love

राहुल सिसोदिया की रिपोर्ट:–

नीमच। जिला नीमच की यातायात पुलिस ने दिनांक 13.12.2025 को विशेष अभियान चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत 50 चालान बनाए गए और मौके पर ही ₹24,000 का समन शुल्क वसूल किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  नवलसिंह सिसोदिया और नगर पुलिस अधीक्षक  किरण चौहान के निर्देशन में, थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर, सूबेदार सुरेश सिसोदिया और पूरी यातायात टीम द्वारा की गई।

नाबालिक गाड़ी चलाने वालों पर सख्ती

अभियान के दौरान जो भी नाबालिक बच्चे दो पहिया वाहन चलाते पाए गए, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने इन बच्चों के माता-पिता को थाने पर बुलाया, उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया, और उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में पकड़े जाने वाले नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध प्रकरण तैयार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

नो पार्किंग पर ‘व्हील लॉक’ एक्शन

यातायात पुलिस ने विशेष रूप से नो पार्किंग और सड़क पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि रोड पर खड़ी कर यातायात बाधित करने वाली फोर व्हीलर और टू व्हीलर गाड़ियों के पहिए लॉक कर दिए जाएंगे।

आज इसी कड़ी में टैगोर मार्ग पर नो पार्किंग एरिया में खड़े वाहनों में व्हील लॉक लगाए गए और वैधानिक चालानी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस के अनुसार, लोग अक्सर थोड़ी देर के लिए रुकने के बहाने व्यस्त सड़कों पर गाड़ियां पार्क कर देते हैं, जिससे सड़क का एक हिस्सा अवरुद्ध हो जाता है और आम नागरिकों को असुविधा होती है।

यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने वाहन नो पार्किंग में खड़ा न करें और यातायात अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें। यह अभियान शहर की मुख्य व्यस्त सड़कों पर लगातार जारी रहेगा ताकि जाम की समस्या को कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *