नीमच: 'संकल्प से समाधान' अभियान के तहत विशाल नेत्र शिविर संपन्न, 423 मरीज हुए लाभान्वित
नीमच | 07 फरवरी 2026 प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 'संकल्प से समाधान' अभियान के अंतर्गत शनिवार को नीमच के रेडक्रास परिसर में विशाल नेत्र रोग एवं मोतियाबिंद जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में कुल 423 नेत्र रोगियों का परीक्षण कर उन्हें उपचार प्रदान किया गया।
कलेक्टर ने किया शिविर का औचक निरीक्षण
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने स्वयं शिविर स्थल पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता भारती एवं मेडिकल कॉलेज की टीम से चर्चा की और मरीजों को दिए जा रहे उपचार व चश्मा वितरण की जानकारी ली। कलेक्टर ने शिविर में आए बुजुर्गों और मरीजों से व्यक्तिगत रूप से बात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना।
शिविर की मुख्य उपलब्धियां:
शिविर में विशेषज्ञों द्वारा की गई जांच के बाद मरीजों को निम्नलिखित श्रेणियों में उपचार हेतु चयनित किया गया।
विशेष निर्देश: कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMHO) को निर्देश दिए कि आगामी शिविरों में बेहतर सेवाओं के लिए गोमाबाई नेत्र चिकित्सालय के विशेषज्ञों का भी सहयोग लिया जाए।
आगामी शिविरों का शेड्यूल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि जिले की विभिन्न तहसीलों में आगामी तिथियों पर भी नि:शुल्क शिविर आयोजित किए जाएंगे:
09 फरवरी: स्वास्थ्य केंद्र, सिंगोली
11 फरवरी: सिविल अस्पताल, रामपुरा
14 फरवरी: सिविल अस्पताल, मनासा
16 फरवरी: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जीरन
19 फरवरी: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रतनगढ़
21 फरवरी: सिविल अस्पताल, जावद
स्वास्थ्य विभाग ने अधिक से अधिक ग्रामीणों से इन शिविरों में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की है। शनिवार के शिविर में डॉ. राजेश धाकड़, डॉ. अनुराधा द्विवेदी, डॉ. लाखन सिंह मौर्य और प्रेम पाटीदार सहित पूरी मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं दीं।