नीमच। प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन, प्राकृतिक आपदा की घड़ी में किसानों के साथ  है।कलेक्‍टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में राजस्‍व  एवं कृषि विभाग के अमले द्वारा गत दिनों हुई ओलावृष्‍टी एवं बारिश से फसलों को हुए नुकसान के आकलन/सर्वे का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

अपर कलेक्‍टर श्री बी.एस कलेश ने बताया कि नीमच जिले में सोमवार को सुबह से ही राजस्‍व एवं कृषि अमले ने ओलावृष्‍टी से प्रभावित गांवों में किसानों के खेतों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान  का सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया है ।एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना ने सोमवार को ग्राम  तुमड़ा,रूपावास, आंकली एवं सोजावास में किसानों के खेतों का टीम के साथ भ्रमण कर, फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया।एसडीएम जावद सुश्री प्रीति संघवी ने जावद क्षेत्र के गांव मांण्‍डा का भ्रमण कर फसल नुकसानी का जायजा लिया। नीमच व जीरन तहसील के पटवारियों और  कृषि एवं राजस्‍व अमले ने लाछ बमोरा एवं क्षेत्र के अन्‍य गांवों में ओलावृष्‍टी से हुए नुकसान का जायजा लिया।कृषि एवं राजस्‍व विभाग की टीमों द्वारा ओला प्रभावित सभी गांवों में खेतों में जाकर फसल नुकसानी का सर्वे कार्य तत्‍परता पूर्वक किया जा रहा है।