
कुकड़ेश्वर (प्रकाश एस. जैन)। कहते हैं कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती और इसे सच कर दिखाया है PM श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकड़ेश्वर की दो होनहार छात्राओं ने। जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा में अपनी बौद्धिक क्षमता का लोहा मनवाते हुए, विद्यालय की दो छात्राओं ने अब प्रदेश स्तरीय (State Level) परीक्षा के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई इबारत लिखने वाली छात्राएं कुमारी तनीषा सुनील (कक्षा छठी) तथा कुमारी हर्षिता दशरथ (कक्षा सातवीं) है! इन दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे कुकड़ेश्वर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। विद्यालय में हर्ष का माहौल है !छात्राओं की इस शानदार सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बी. के. कुमावत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। तथा कहा कि तनीषा और हर्षिता की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का ही यह परिणाम है कि आज हमारी बेटियां प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्राचार्य सहित समस्त स्टाफ ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और उम्मीद जताई है कि वे राज्य स्तर पर भी अपनी सफलता का परचम लहराएंगी।