
नीमच।सशक्त महिला सशक्त भारत की नींव है। महिला सशक्तिकरण महिलाओं को आर्थिक , सामाजिक और राजनीतिक रूप से स्वतन्त्र एवं समर्थ बनाने के लिए आवश्यक है।’’ उक्त उद्गार नीमच नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चौपड़ा ने श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में वसन्तोत्सव के अन्तिम दिवस पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। उन्होंने छात्राओं को प्रेरणात्मक उद्बोधन देते हुए कहा कि नगर एवं देश को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने में शिक्षित छात्राएं आगे आकर स्वच्छ भारत अभियान में अपना विशेष योगदान दे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व प्राचार्य एवं शिक्षाविद् श्रीमती मीना हरित ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि ‘‘आज महिलाएं राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में बराबरी की भागीदार बनी हुई है। छात्राएं पूर्ण ऊर्जा एवं उत्साह के साथ महाविद्यालय का नाम प्रकाशित करें। कार्यक्रम के प्रारम्भ में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ0 प्रतिभा कालानी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए पुरस्कार विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए आगामी परीक्षाओं के लिये अध्ययन में जुट जाने हेतु प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि पुरस्कर वितरण समारोह में युवा उत्सव की विभिन्न विधाओं में विजेताओं के पुरस्कार स्व. श्रीमती निर्मला खण्डेलवाल मेडम की स्मृति में सम्माननीय श्री महेशजी खण्डेलवाल द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किए जाते हैं। प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त छात्राओं को नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी श्री जम्बुकुमारजी जैन के द्वारा प्रदान किए। प्राचार्य डॉ कालानी ने श्री महेश जी खण्डेलवाल एवं जम्बुकुमारजी जैन के प्रति विशेष आभार प्रेषित किया है ।पुरस्कार वितरण समिति प्रभारी डॉ0 आर0के0 पेन्सिया ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह में 69 छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन प्रो. नेहा इंगले द्वारा किया गया। आभार वसन्तोत्सव प्रभारी डॉ. श्रीमती बीना चौधरी ने माना।