नीमच: बगीचा नंबर 13 में चोरों का तांडव; सूने मकान के ताले तोड़कर मचाई तबाही, क्षेत्र में दहशत,ये पढ़े पूरी खबर।
Posted on
Spread the love
राहुल सिसोदिया की रिपोर्ट:–
नीमच। शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र बगीचा नंबर 13 में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया और अलमारी के ताले तोड़कर सारा सामान बिखेर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय रहवासियों में असुरक्षा और भय का माहौल है।
मकान मालिक के पंजाब जाते ही सक्रिय हुए चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मकान किशोर पंजाबी (पिता कर्नल सिंह) का है। श्री पंजाबी पिछले तीन दिनों से अपने परिवार के साथ पंजाब प्रवास पर गए हुए हैं। घर खाली होने की सटीक सूचना शायद चोरों को पहले से थी। बदमाशों ने रात करीब 3 बजे मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोरों ने न केवल कमरों की तलाशी ली, बल्कि मजबूती से बंद अलमारियों के लॉक भी तोड़ दिए। घर के भीतर बिखरा हुआ सामान और खुले पड़े पर्स वारदात की गवाही दे रहे हैं।
सुबह 5 बजे हुआ खुलासा
वारदात का पता आज सुबह तब चला जब पड़ोस में रहने वाले अनिल कुमावत वहां से गुजरे। उन्होंने घर के ताले टूटे देख शोर मचाया, जिसके बाद मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। तुरंत डायल 100 को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। चूंकि मकान मालिक शहर से बाहर हैं, इसलिए चोरी गई नकदी और जेवरात की सटीक जानकारी उनके लौटने के बाद ही मिल पाएगी।
“घनी आबादी के बीच हुई इस चोरी ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।”