नीमच में रजनीगंधा के पाउच में MD ड्रग्स बेचते दो तस्कर गिरफ्तार, 3.60 लाख का माल बरामद पढ़े पूरी खबर।
Posted on
Spread the love
राहुल सिसोदिया की रिपोर्ट:– नीमच। मध्यप्रदेश सरकार के नशा मुक्ति अभियान के तहत नीमच पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नीमच सिटी पुलिस ने घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो पान मसाले के पाउच में नशीला पदार्थ (एमडी) मिलाकर युवाओं को सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 36 ग्राम अवैध एमडी जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर कॉलेज क्षेत्र में दबिश
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सचिन बैरागी नाम का एक युवक मनासा नाका और कॉलेज के आसपास सफेद चेक जैकेट पहनकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। वह रजनीगंधा के पाउच में एमडी ड्रग्स मिलाकर बेच रहा है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की और सचिन बैरागी (24) निवासी इंदिरा नगर को दबोच लिया।
पूछताछ में खुले अन्य नाम
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 36 ग्राम एमडी और रजनीगंधा के 10 पाउच बरामद हुए। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के नाम उगले, जिसके आधार पर पुलिस ने यश उर्फ रॉकी शर्मा निवासी ग्वालटोली को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले का तीसरा आरोपी सलमान उर्फ छोटू वर्तमान में अन्य मामले में नीमच केंट पुलिस की गिरफ्त में है।
जब्त सामग्री और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपियों के पास से ड्रग्स के अलावा ड्रग्स बेचने से प्राप्त 1400 रुपये नकदी और तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। सचिन और यश के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम की सराहना
इस कार्यवाही में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, एएसपी नवलसिंह सिसौदिया और सीएसपी किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान, साइबर सेल और जिला विशेष शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे यह खेप कहाँ से लाए थे और उनके नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।